कटनी।। श्रीकसोधन समाज के वर्तमान कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज गांधीगंज धर्मशाला में समाज की आमसभा के तहत चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई। समाज में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाते हुए अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों – दर्शन गुप्ता और देवनारायण गुप्ता के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
मतदान प्रक्रिया सुबह 11:00 बजे से प्रारंभ होकर अपराह्न 4:00 बजे तक चली। समाज के सदस्यों में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया। चुनाव अधिकारी एडवोकेट संजय गुप्ता ने बताया कि अब तक कुल मतदाताओं में से लगभग 80% सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने हेतु एडवोकेट आलोक दास, गुरु विष्णु गुप्ता, एडवोकेट एवं समाज के वरिष्ठ संरक्षक एडवोकेट सुरेंद्र गुप्ता द्वारा सतत निगरानी रखी गई। चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा या विवाद की कोई सूचना नहीं मिली, जिससे यह स्पष्ट है कि चुनाव शांति और सहयोगपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
शाम 6:00 बजे तक मतगणना के पश्चात अध्यक्ष पद के विजेता की घोषणा कर दी जाएगी। समाज के अनेक सदस्य धर्मशाला परिसर में ही परिणाम जानने के लिए डटे हुए हैं। चुनाव अधिकारी एडवोकेट संजय गुप्ता एवं संरक्षक मंडल के वरिष्ठ सदस्यों ने समाज के सभी मतदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि समाज की एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने में यह चुनाव एक प्रेरणास्रोत बनकर सामने आया है।
श्रीकसोधन समाज का चुनाव आज संपन्न, अध्यक्ष पद के लिए होगा कड़ा मुकाबला 80% से अधिक मतदान, शाम 6 बजे आएगा परिणाम

