कटनी।नगर मे बढ़ती ठंड और गिरते तापमान को देखते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने के प्वाइंटों में इजाफा किया गया है, ताकि देर रात सड़कों पर रहने वाले मजदूर वर्ग, रिक्शा एवं ठेला चालक, फुटकर व्यवसायी, राहगीर और अन्य जरूरतमंद नागरिकों को ठंड से राहत मिल सके। निगम प्रशसन के इस निर्णय को जनहित की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि अलाव व्यवस्था हेतु संलग्न टीम द्वारा शहर के प्रमुख चैराहों, बाजार क्षेत्रों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन मार्ग, भीड़भाड़ वाले इलाकों जहाँ देर रात अधिक लोग मौजूद रहते हैं की पहचान की जाकर इन स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है। जिसके तहत मंगलवार शाम कटनी मुख्य रेल्वे स्टेशन के बाहर, कमानिया गेट पंचमुखी मंदिर के पास, जिला चिकित्सालय परिसर, कटाएघाट मोड़, जगन्नाथ चैक, बस स्टैंड परिसर सहित रैन बसेरा में अलाव हेतु जलाऊ लकडियां उपलब्ध कराई गई। आगामी समय मे आवश्यकतानुसार अलाव प्वाइंटों में इजाफा भी किया जाकर यह व्यवस्था पूरे शीतकालीन मौसम में जारी रखी जायेगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अलाव सुरक्षित तरीके से जलाने और आस-पास के स्थलों को भी स्वच्छ रखने की अपील की है।
निगम प्रशासन द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि शहर में कोई भी नागरिक ठंड से परेशान न हो इस हेतु हर संभव प्रयास किये जा रहे है। शीत लहर को देखते हुए अलाव व्यवस्था के साथ ही बस स्टेंड स्थित आश्रय स्थल रैन बसेरा में रात्रि विश्राम की निशुल्क सुविधा जरूरतमंदों को उपलब्ध कराई जा रही है। इस हेतु निःशुल्क रैन बसेरा वाहन सेवा भी निरंतर जारी है जो रात्रिकालीन नगर भ्रमण कर जरूरतमंदों को वाहन के माध्यम से ररैन बसेरा तक पहुंचाकर रात्रिकालीन विश्राम की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है ताकि ठंड के मौसम में किसी भी व्यक्ति को असुविधा का सामना न करना पड़े।
*शीत लहर से बचाव हेतु नगर प्रशासन द्वारा अलाव प्वाइंटों में किया गया इजाफा*

