शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में दो वरिष्ठ शासकीय सेवकों की सेवानिवृत्ति

कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी (मध्यप्रदेश) में आज एक सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्राणीशास्त्र विभाग की प्राध्यापक एवं पूर्व प्रभारी प्राचार्य डॉ. साधना जैन तथा वनस्पति विभाग की प्रयोगशाला तकनीशियन श्रीमती संध्या सिंह सेवानिवृत्त हुईं। दोनों ने चार दशकों से अधिक समय तक महाविद्यालय की सेवा में अपना अमूल्य योगदान दिया।
डॉ. साधना जैन ने मध्यप्रदेश शासन के विभिन्न महाविद्यालयों में 40 वर्षों से अधिक समय तक प्राणीशास्त्र विषय का कुशलतापूर्वक अध्यापन कार्य किया। उन्होंने अपना करियर 03 दिसंबर 1984 को शासकीय गृहविज्ञान महाविद्यालय, होशंगाबाद से प्रारंभ किया। इसके पश्चात वे शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में स्थानांतरित हुईं, जहां उन्होंने न केवल अध्यापन किया अपितु पूर्व प्रभारी प्राचार्य के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। आज वे इसी महाविद्यालय से निरंतर सेवा देते हुए सेवानिवृत्त हो रही हैं।
डॉ. जैन अपने सहज स्वभाव के लिए जानी जाती रही हैं। उनके व्यक्तित्व में सरलता और दृढ़ता का अनुपम समन्वय है। उनकी मिलनसारिता, सहृदयता तथा मृदु भाषण ने महाविद्यालय परिवार को एकजुट रखा, जबकि सहकर्मियों एवं छात्राओं के हितों के लिए उनकी निर्भीकता, निष्पक्षता और जुझारूपन ने उन्हें एक आदर्श व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया। छात्राओं को उन्होंने न केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान दिया अपितु जीवन मूल्यों की प्रेरणा भी प्रदान की।
इसी प्रकार श्रीमती संध्या सिंह ने 01 फरवरी 1985 से शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में वनस्पति विभाग की प्रयोगशाला तकनीशियन के रूप में अपनी सेवा यात्रा शुरू की और चार दशकों से अधिक समय तक उत्कृष्ट ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने प्रयोगशाला में हजारों छात्राओं को वनस्पति विज्ञान के व्यावहारिक ज्ञान से अवगत कराया। उनके कुशल हाथों से उपकरणों का संचालन, सूक्ष्म निरीक्षण और प्रत्येक प्रयोग की सफलता ने विभाग को मजबूती दी तथा छात्राओं के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समृद्ध किया।
सेवानिवृत्ति समारोह में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने दोनों के साथ अपने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक उनके साथ कार्य किया है। उन्होंने डॉ. साधना जैन एवं श्रीमती संध्या सिंह के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। डॉ. किरण खरादी ने दोनों के साथ बिताए पलों को गीत के माध्यम से याद किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजयकांत भारद्वाज ने किया। इस अवसर पर दोनों परिवारों के परिजन भी उपस्थित रहे।
समारोह में महाविद्यालय के प्राध्‍यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. विमला मिंज, डॉ. रश्मि चतुर्वेदी, श्री के.जे. सिन्हा, श्रीमती बंदना मिश्रा, डॉ. अमिताभ पाण्डेय, श्रीमती वीणा सिंह, डॉ. रोशनी पाण्डेय, सुश्री शिल्पी कुमारी सिंह, सुश्री मिथलेश्वरी, डॉ. अर्पित द्विवेदी, श्री नागेन्द्र यादव, श्री पंकज सेन, डॉ. रीना मिश्रा, डॉ. अनिल द्विवेदी, डॉ. आशुतोष द्विवेदी, डॉ. अपर्णा मिश्रा, डॉ. रंजना वर्मा, डॉ. अशोक शर्मा, श्री भीम बर्मन, प्रेमलाल कॉवरे, डॉ. फूलचंद कोरी, श्री विनीत सोनी,  अंजनेन्द्र तिवारी, श्रीमती प्रियंका सोनी, श्रीमती स्मृति दहायत, श्रीमती सृष्टि श्रीवास्तव, श्रीमती आरती वर्मा, श्रीमती नम्रता निगम, डॉ. सोनिया कश्यप, श्रीमती रिचा दुबे, डॉ. श्रद्धा वर्मा, श्रीमती श्वेता कोरी, डॉ. मैत्रयी शुक्ला, श्रीमती देववती चक्रवर्ती, डॉ. प्रतिमा सिंह, श्रीमती रत्नेश कुशवाहा, डॉ. वंदना चौहान, श्रीमती मीनाक्षी वर्मा, डॉ. मदन सिंह मरावी, श्री इमरान मोहम्मद, सुश्री पूजा सिंह राजपूत, श्रीमती सुषमा वर्मा श्री राकेश दुबे, श्री अशोक परौहा, श्री सतीश शुक्‍ला सहित समस्त कार्यालयीन स्टाफ शामिल थे। दोनों सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को महाविद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)