राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस पर शासकीय कन्या महाविद्यालय  में उद्यमिता और स्‍टार्टअप विषय पर कार्यक्रम आयोजित

कटनी।शासकीय कन्या महाविद्यालय में  राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर उद्यमिता और स्टार्टअप विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के प्रेरणादायक मार्गदर्शन और विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. अर्पित द्विवेदी के कुशल संयोजन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित करना, स्टार्टअप की संभावनाओं से अवगत कराना तथा नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करना था।
प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के युवा भारत की आर्थिक प्रगति के प्रमुख चालक हैं। उन्होंने छात्राओं को नव उद्यमी बनने, नवाचार और सृजनात्मकता के बल पर देश की आर्थिक विकास गति को और तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवा पीढ़ी यदि अपनी प्रतिभा और विचारों को सही दिशा में लगाए तो न केवल व्यक्तिगत सफलता प्राप्त कर सकती है, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी रोजगार के नए अवसर सृजित कर सकती है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. के.के. निगम, अतिथि विद्वान, शासकीय महाविद्यालय, बरही ने अपने प्रेरक व्याख्यान में वर्तमान भारतीय अर्थव्यवस्था की तेजी से बढ़ती गति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आज के युवा उद्यमिता और स्टार्टअप के माध्यम से देश में रोजगार के अवसरों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। डॉ. निगम ने स्टार्टअप इकोसिस्टम में उपलब्ध विभिन्न अवसरों, सरकारी योजनाओं, फंडिंग के स्रोतों तथा सफल उद्यमिता के लिए आवश्यक कौशलों की विस्तृत जानकारी दी। उनका व्याख्यान छात्राओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक रहा।
कार्यक्रम में कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की सदस्य डॉ. रंजना वर्मा, डॉ. संजयकांत भारद्वाज और श्रीमती मीनाक्षी वर्मा ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण डॉ. रश्मि चतुर्वेदी, डॉ. विमला मिंज, डॉ. अमिताभ पाण्डेय, के.जे. सिन्हा, डॉ. सुनील कुमार, बंदना मिश्रा, कुमारी शिल्पी सिंह, सुश्री मिथलेश्वरी,  पंकज सेन, डॉ. अशोक शर्मा, भीम बर्मन,  प्रेमलाल कॉवरे, देववती चक्रवर्ती, प्रियंका सोनी, डॉ. फूलचंद कोरी, डॉ. वंदना चौहान, डॉ. मैत्रयी शुक्‍ला, श्रीमती श्‍वेता कोरी, सहित समस्त स्टाफ सदस्य और छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
यह कार्यक्रम न केवल छात्राओं में उद्यमिता की भावना जगाने में सफल रहा, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ भविष्य में स्टार्टअप की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित भी किया।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)