कटनी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) महाकोशल प्रांत के जिला कटनी इकाई द्वारा नगर पालिका निगम के कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर शहर की एकमात्र शासकीय वेंकट लाइब्रेरी में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है। परिषद ने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण इस अध्ययन केंद्र की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि लाइब्रेरी में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है, वहीं शौचालयों की नियमित सफाई न होने से वातावरण अस्वच्छ बना रहता है। परिषद ने यह भी कहा कि आगामी गर्मी को देखते हुए लाइब्रेरी में लगे सभी एसी और कूलर बंद पड़े हैं, जिन्हें शीघ्र चालू कराया जाना आवश्यक है।
इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए परिषद ने परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने और खराब कैमरों को ठीक कराने की मांग की है। पानी की टंकियों और वॉटर कूलरों की सफाई तथा नए कूलर लगाने की आवश्यकता भी जताई गई है, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल मिल सके।
परिषद ने लाइब्रेरी परिसर में छात्रों के बैठकर भोजन करने हेतु शेड निर्माण की मांग भी रखी है।
ABVP ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, जिससे उन्हें बेहतर अध्ययन वातावरण मिल सके।
विद्यार्थियों के अध्ययन स्थल पर बदहाल व्यवस्थाएं, ABVP ने उठाई आवाज

