कटनी- नगर की अनधिकृत कॉलोनियों में अधोसंरचना विकास कार्यों को गति प्रदान करने तथा क्षेत्रीय नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक 17 में विकास शुल्क जमा कराने हेतु विशेष शिविर का आयोजन लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी किया गया। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में क्षेत्रीय नागरिकों को वार्ड स्तर पर ही विकास शुल्क जमा कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे नागरिकों को निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिली। शिविर के रहवासियों ने उपस्थित होकर विकास शुल्क की राशि जमा कराई तथा नगर विकास कार्यों में सहभागिता निभाई।कालोनी सेल प्रभारी एवं निगम के कार्यपालन यंत्री श्री अंशुमान सिंह ने बताया कि शिविर के दूसरे दिन नागरिकों द्वारा सहभागिता करते हुए लगभग 38 हजार रुपये की राशि निगम कोष में जमा कराई गई। निगम प्रशासन द्वारा बताया गया कि विकास शुल्क से प्राप्त राशि का उपयोग क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचना विकास कार्यों पर किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए शुक्रवार को तीसरे दिन भी वार्ड में शिविर का आयोजन किया जाकर नागरिकों को वार्ड में ही विकास शुल्क जमा करने की सुविधा प्रदान की जायेगी।
आयोजित शिविर के दौरान निगम के शिविर प्रभारी उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, जायेन्द्र प्रताप सिंह बघेल, संजय मिश्रा सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे, जिनके द्वारा नागरिकों को विकास शुल्क की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं इससे होने वाले लाभों की जानकारी दी गई नगर निगम प्रशासन ने बताया कि अनधिकृत कालोनियों के नियमितीकरण एवं विकास की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे शुक्रवार को वार्ड में आयोजित होने वाले शिविरों में उपस्थित होकर विकास शुल्क जमा करें, ताकि उनके क्षेत्रों में शीघ्र विकास कार्य प्रारंभ किए जाकर समग्र विकास को गति प्रदान की जा सके।
फोटो –
*विकास शुल्क जमा कराने वार्ड क्रमांक 17 में दूसरे दिन भी लगा शिविर अधोसंरचना विकास कार्यों हेतु रहवासियों ने निगम कोष में जमा की विकास शुल्क राशि*

