*चार वर्षों की विकास यात्रा बनी जनविश्वास की पहचान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं नगर निगम परिषद के चार वर्ष पूर्ण, जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर दी शुभकामनाएं नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनहित के कार्यों को मिली प्राथमिकता*

कटनी। नगर निगम कटनी की महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं नगर निगम परिषद के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार को नगर निगम कार्यालय में आत्मीय एवं गरिमामय वातावरण में मेयर-इन-काउंसिल सदस्यों एवं पार्षदों ने महापौर श्रीमती सूरी को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने महापौर के नेतृत्व में नगर के समग्र विकास, जनहितकारी कार्यों तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार की सराहना करते हुए जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

*जनसेवा, विकास और विश्वास की सफल यात्रा के चार वर्ष — महापौर*

महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने इस अवसर पर मेयर-इन-काउंसिल सदस्यों, सभी पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीते चार वर्षों की यह यात्रा जनविश्वास, सहयोग और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को गति देने, सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए गए हैं। नगर के सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।

उन्होंने कहा कि नगर के विकास का यह सफर निरंतर जारी है। आने वाले समय में भी नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप अधोसंरचना विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनसुविधाओं के विस्तार तथा शहर के सुनियोजित विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नगरवासियों के सहयोग से कटनी निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।

इस अवसर पर पार्षदों ने कहा कि बीते चार वर्षों में नगर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है तथा जनसमस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। उन्होंने महापौर को चार वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दीं तथा नगर के विकास के लिए आगे भी पूर्ण सहयोग का विश्वास व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान मेयर-इन-काउंसिल सदस्य सर्वश्री डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, सुरेन्द्र गुप्ता, उमेन्द्र अहिरवार, बीना बनर्जी, तुलसा गुलाब बेन तथा पार्षद सीमा श्रीवास्तव, शकुंतला सोनी, नरेश अग्रवाल एवं जीवन चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने नगर निगम परिषद के चार वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कटनी के उज्ज्वल भविष्य तथा सतत विकास की कामना की।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)