कटनी। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को प्लाजा मार्केट स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत का निर्माता एवं युवाओं का प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का पूरा जीवन देश सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने, शिक्षा के क्षेत्र में सुधार तथा देश के प्रशासनिक एवं तकनीकी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा था। उनके कार्यकाल में आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर एवं दूरसंचार के विस्तार को बढ़ावा मिला, जिसने देश में तकनीकी विकास की मजबूत नींव रखी। राजीव गांधी की सोच में युवा शक्ति, आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को विशेष स्थान प्राप्त था।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाटव, अजय जैसवानी, जीतू गुप्ता, रमाकांत दुबे, सुशील जायसवाल, महिला शहर अध्यक्ष सुश्री रजनी वर्मा, सेवादल अध्यक्ष मंगल सिंह, पार्षद आफताब चौखे, मॉसूफ बिट्टू, मंगल चौधरी, जायसवाल, राकेश जैन, राजा जगवानी, शाम पाहूजा, मजीद खान, श्याम यादव, जालिम यादव सहित वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।
राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस कार्यालय में दी श्रद्धांजलि

