शिकार के लिए लगाए करंट से युवक की मौत, शव कुएं में छिपाया; पांच आरोपी गिरफ्तार

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के कन्हवारा जंगल में जंगली जानवरों के शिकार के लिए लगाए गए करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने घटना छिपाने के उद्देश्य से युवक के शव को जंगल में स्थित पुराने सूखे कुएं में डाल दिया था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे की तार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त की रात करहैया निवासी साहिल वासुदेव (18) की करंट लगने से मौत हो गई थी। सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मृत्यु बिजली का करंट लगने से होने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान पुलिस को घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी प्रकाश कोल, रोशन कोल, रूपेश बर्मन और साजन बर्मन ने जंगली जानवरों का शिकार करने की योजना बनाई थी। आरोपियों ने जंगल में लोहे की तार को लकड़ी की खूंटियों के सहारे जमीन से करीब एक फीट ऊपर लगाकर उसे बिजली के तार से जोड़ दिया था। रात करीब दो बजे जब आरोपी शिकार देखने पहुंचे तो साहिल करंट की चपेट में मृत मिला।
इसके बाद आरोपियों ने घटना छिपाने के लिए साहिल के शव को उठाकर जंगल में स्थित पुराने सूखे कुएं में डाल दिया और करंट लगाने में इस्तेमाल लोहे की तार को शिव मंदिर के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तार बरामद कर ली।
पुलिस ने मामले में राजकुमार उर्फ कुंचु उर्फ किश्शु कोल (27), रोशन कोल (25), रूपेश बर्मन (27), साजन बर्मन (22) और प्रकाश कोल (32), सभी निवासी कन्हवारा, थाना कुठला, को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ थाना कुठला में अपराध क्रमांक 743/26 के तहत धारा 105, 238(बी) बीएनएस में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक अनिल यादव, प्रधान आरक्षक ताहिर खान, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आरक्षक मनोज सिंह, विजय प्रजापति, बुद्धू कुमार, अभय यादव सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)