कटनी। रक्षाबंधन के पर्व को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संरक्षण के संकल्प के साथ मनाते हुए विज़न समूह के सदस्यों ने वृक्षों को रक्षासूत्र बांधे। इस अवसर पर सदस्यों ने वृक्षों की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने वृक्षों को रक्षासूत्र बांधकर यह संकल्प लिया कि वे प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। सदस्यों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल, वृक्षों का संरक्षण और अनावश्यक रूप से हो रही वृक्षों की कटाई को रोकने के प्रयास भी उतने ही आवश्यक हैं। विजन समूह द्वारा बच्चों में बचपन से ही प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरणीय चेतना विकसित करने के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों को प्रकृति से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक पहल रहा।
विजन का संदेश है कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपने आसपास के एक वृक्ष की जिम्मेदारी लेकर उसकी देखभाल करे, तो छोटे-छोटे प्रयास मिलकर पर्यावरण संरक्षण की एक बड़ी मुहिम बन सकते हैं।
कार्यक्रम में दीक्षा गुप्ता, शिवांक सिंह, भारती कोरी, प्रिंसी पांडे, अमन गुप्ता, रूमी खान, चेतना बर्मन, केशव तिवारी, समर यादव, सात्विक तिवारी, अनुभव यादव, रागिनी पटेल एवं बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए।

