‘छात्रों की गूंज’ को लेकर तिलक महाविद्यालय में जनसंपर्क, इंदौर पहुंचने की अपील

कटनी। 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज—युवाओं की आवाज, एक नई सोच’ कार्यक्रम को लेकर शनिवार को तिलक महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच व्यापक जनसंपर्क किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का पंजीयन कराया गया और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर इंदौर पहुंचकर आवाज बुलंद करने की अपील की गई।
युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं पूर्व एनएसयूआई जिला अध्यक्ष दिव्यांशु ‘अंशु’ मिश्रा ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि युवाओं के सामने शिक्षा और रोजगार से जुड़े कई गंभीर सवाल हैं। उन्होंने NEET सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण और महंगी होती शिक्षा को विद्यार्थियों के लिए बड़ी चुनौती बताया।
उन्होंने कहा कि KG से PG तक गुणवत्तापूर्ण एवं मुफ्त शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक पर प्रभावी रोक, शिक्षा के व्यापारीकरण पर अंकुश, छात्रों के अधिकारों की सुरक्षा तथा युवाओं के लिए बेहतर शिक्षा एवं रोजगार के अवसर जैसी मांगों को मजबूती से उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से 19 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में इंदौर पहुंचने की अपील की।
जिला एनएसयूआई अध्यक्ष अजय खटिक ने कहा कि छात्र देश के भविष्य की नींव हैं। शिक्षा महंगी होने, परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं से विद्यार्थियों की मेहनत प्रभावित होती है। उन्होंने KG से PG तक शिक्षा को मुफ्त एवं सुलभ बनाने और प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मांगों और अधिकारों को मजबूती से सामने रखने का सामूहिक प्रयास है।
जनसंपर्क के दौरान छात्र-छात्राओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह नजर आया। इस अवसर पर प्रदेश सोशल मीडिया समन्वयक शशांक गुप्ता, सूर्यकांत कुशवाहा, जिला एनएसयूआई प्रभारी अभिषेक प्यासी, सौरभ पांडेय, सोशल मीडिया प्रभारी प्रज्ज्वल साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं युवा उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)