कटनी। विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर कटनी में हिंदू महासम्मेलन का आयोजन संतों के सानिध्य में किया गया। कार्यक्रम में बाल ब्रह्मचारी संत शिरोमणि ब्रह्मानंद दास जी महाराज का सानिध्य एवं मार्गदर्शन रहा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। नगर के व्यवसायी, उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम में संतों एवं अतिथियों का स्वागत किया गया। वक्ताओं ने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना, संगठन के उद्देश्यों, सामाजिक समरसता, सेवा कार्यों तथा हिंदू समाज को संगठित और जागरूक करने की आवश्यकता पर विचार रखे।
जमीनी स्तर पर कार्य करना जरूरी : संत ब्रह्मानंद दास
संत शिरोमणि ब्रह्मानंद दास जी महाराज ने कहा कि बड़े-बड़े पद अपनी जगह हैं, लेकिन संगठन और समाज के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करना सबसे आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद पिछले 62 वर्षों से सनातन समाज की रक्षा, संगठन और सेवा के लिए कार्य कर रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच जाकर लोगों को जागरूक करने तथा सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपने आचरण से श्रेष्ठ बनता है, कोई जाति अपने आप में श्रेष्ठ नहीं होती। इसलिए समाज में एकता और समरसता की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
भारत की संस्कृति को समाप्त नहीं किया जा सका : जितेंद्र वर्मा
मुख्य वक्ता एवं विहिप के प्रांत संगठन मंत्री जितेंद्र वर्मा ने कहा कि इतिहास में अनेक लोग भारत में साम्राज्य स्थापित करने के उद्देश्य से आए, लेकिन समय के साथ उनके साम्राज्य समाप्त हो गए। भारत की संस्कृति, परंपरा और सनातन विचार निरंतर कायम रहे।
उन्होंने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना के स्थान नहीं, बल्कि हिंदू समाज के लिए आस्था और संगठन के केंद्र भी रहे हैं। संतों ने सदैव समाज को दिशा देने और जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
1964 में हुई थी विहिप की स्थापना
जितेंद्र वर्मा ने बताया कि 29 अगस्त 1964 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर संत शक्ति के आशीर्वाद से विश्व हिंदू परिषद की स्थापना हुई थी। उन्होंने संगठन के सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और एकता की भावना को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
संतों और अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती नुपूर कपूर, कार्यक्रम प्रभारी एवं विहिप कटनी नगर अध्यक्ष मोनी जैसवानी, मुख्य वक्ता जितेंद्र वर्मा, विशिष्ट अतिथि सुधांशु तिवारी, जिला अध्यक्ष लखन साहू, कार्यक्रम संयोजक एवं जिला संयोजक मनीष दुबे, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं उद्योगपति तथा सिंधी समाज अध्यक्ष वीरेंद्र तीर्थानी, डॉ. श्रीमती निधि प्रसन्न बजाज, जिला मंत्री राहुल मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंच संचालन विहिप प्रांत सह संयोजक एवं बजरंग दल के राहुल दुबे ने किया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं और समाजजनों ने सहभागिता की। समापन पर अतिथियों एवं संतों का आभार व्यक्त किया गया।
विहिप स्थापना दिवस पर कटनी में हिंदू महासम्मेलन आयोजित संतों के सानिध्य में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों पर दिया जोर

