76 दीप प्रज्वलित कर मनाया प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन ‘मन में मोदी विचार समूह’ के आयोजन में आतिशबाजी व मिष्ठान वितरण, राष्ट्र सेवा और विकास कार्यों की हुई चर्चा

कटनी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘मन में मोदी विचार समूह’ द्वारा दुर्गा चौक खिरहनी स्थित देवी मंदिर परिसर में विशेष आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर 76 दीप प्रज्वलित कर शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान आतिशबाजी की गई और उपस्थित लोगों को मिठाई का वितरण किया गया। मंदिर परिसर भाजपा के झंडों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदमकद सहित विभिन्न बैनर-पोस्टरों से सजा रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं भारत तिब्बत सहयोग मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गिरिराज किशोर पोद्दार ‘राजू भैया’ रहे। मुख्य वक्ता भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं भाजयुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष अर्पित पोद्दार रहे। विशिष्ट अतिथि डॉ. एसआर साहू, पूर्व पार्षद प्रमिला निषाद एवं श्री शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पार्षद एवं हिंद रक्षक दल के जिला संयोजक बच्चू निषाद ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत माता भगवती एवं मंदिर परिसर में विराजित देवी-देवताओं के पूजन-वंदन से हुई। अतिथियों ने भगवान श्रीराम के दरबार के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण एवं तिलक-चंदन किया। इसके बाद उपस्थित नागरिकों ने एक-एक दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
मुख्य वक्ता अर्पित पोद्दार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थिति तथा केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यों का उल्लेख किया। वहीं मुख्य अतिथि गिरिराज किशोर पोद्दार ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े पुराने संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कि जब वे विधायक बने थे, उस समय नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे और उन्हें व्यक्तिगत आत्मीयता के साथ शुभकामना संदेश प्राप्त हुआ था।
गिरिराज किशोर पोद्दार ने देश की आर्थिक प्रगति, अधोसंरचना विकास, शिक्षा, रेल, सड़क, वायु मार्ग, उद्योग एवं कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में बड़े स्तर पर विकास कार्य संचालित हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने, पूर्वोत्तर क्षेत्र में सुरक्षा एवं विकास तथा अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले गीता प्रेस गोरखपुर से जुड़े हनुमान प्रसाद पोद्दार का भी स्मरण किया गया। वक्ताओं ने राष्ट्र एवं समाज सेवा के लिए समर्पित जीवन और सनातन साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के अंत में किसान हित मंच के जिला संयोजक प्रदीप गौतम ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में दिनकर गौतम, चतुर यादव, फूलचंद विश्वकर्मा, पूर्व सरपंच अशोक निषाद, मनोज निषाद, दीपक तिवारी, नवीन गोलू, राकेश चक्रवर्ती, राहुल निषाद, दिनेश रजक, शंभू शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर अपने-अपने निवास स्थान पर भी एक दीप प्रज्वलित कर शुभकामनाएं देने का संकल्प व्यक्त किया।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)