कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज ‘आशीर्वाद का दीया’ दीपोत्सव का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण, सकारात्मकता एवं मानवीय संवेदनाओं की भावना को सुदृढ़ करना तथा जन-जन तक प्रेम, सद्भाव और सहयोग का संदेश पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टॉफ तथा उपस्थित जनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से सेवा और सद्भावना का संदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर दीपों की मनमोहक रोशनी ने वातावरण को आध्यात्मिक एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। सभी उपस्थितजनों ने समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने अपने संदेश में कहा कि सेवा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का सामाजिक दायित्व है। छोटे-छोटे सेवा कार्य भी समाज में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’ जैसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे के प्रति सहयोग, संवेदना और आत्मीयता का भाव रखने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित महाविद्यालय परिवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर समाज में ज्ञान, सेवा, सद्भावना एवं सकारात्मक सोच का प्रकाश फैलाने का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी ने मिलकर सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने और समाजहित में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
‘आशीर्वाद का दीया’ दीपोत्सव ने महाविद्यालय परिसर में एकता, सेवा और मानवीय मूल्यों की भावना को मजबूत किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प एवं मंगलकामना के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त स्टॉफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

