मेरे सपनों का भारत’ अभियान में छात्राओं ने चित्रों के जरिए दिखाई विकसित भारत की कल्पना समाजसेवी व अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी सम्मानित, जेल अधीक्षक प्रभात चतुर्वेदी ने छात्राओं को प्रदान किए प्रमाण पत्र

कटनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘मेरे सपनों का भारत सेवा संकल्प’ अभियान के तहत झिंझरी जेल में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीगणेश के दर्शन एवं पूजन के साथ हुआ। झिंझरी जेल अधीक्षक प्रभात कुमार चतुर्वेदी एवं उप अधीक्षक अरविंद खरे के मार्गदर्शन में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की करीब 26 से 30 छात्राओं ने सहभागिता की। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘मेरे सपनों का भारत’ रखा गया।
संदीपनी विद्यालय, शासकीय कन्या सिविल लाइन-गणेश चौक विद्यालय एवं गुरुकुल विद्या मंदिर की छात्राओं ने चित्रों के माध्यम से स्वच्छता एवं जनसेवा, विकसित भारत की संकल्पना, राष्ट्र निर्माण में सामाजिक सहभागिता तथा सामाजिक दायित्व जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने अपने चित्रों के माध्यम से आत्मनिर्भर, निर्भीक और निडर बेटियों वाले भारत की कल्पना को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर छात्राओं ने देश के विकास में योगदान देने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका दीप्ति श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम में झिंझरी जेल अधीक्षक प्रभात कुमार चतुर्वेदी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मंच पर प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों से उपस्थित गुरुजनों एवं प्राचार्यों राजेंद्र पांडेय, श्रीमती शालिनी तिवारी एवं श्रीमती नीलम यादव के विशेष सहयोग की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों को आत्मनिर्भर बनने, निर्भीकता के साथ आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)