कुठला थाना परिसर में आत्मदाह करने वाले दलपत की मौत, आक्रोशित परिजनों ने किया चक्काजाम पत्नी से पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट का आरोप, कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग

कटनी। कुठला थाना परिसर में बीते दिनों खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले 40 वर्षीय दलपत पटेल की जबलपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव कटनी पहुंचने पर परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि दलपत की पत्नी छोटी बाई के साथ कुठला थाने में पदस्थ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई थी। इसी घटना से दलपत आक्रोशित था और उसने थाना परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे दलपत को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दलपत की मौत की खबर के बाद शनिवार को शव कटनी पहुंचते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। घटना को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)