कटनी। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सहज एवं त्वरित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा रविवार को ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत शहर के छह प्रमुख स्थानों पर मेगा शिविर आयोजित किए गए।
शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। पात्र हितग्राहियों के आवेदन, पंजीयन, ई-केवायसी, दस्तावेजों का सत्यापन तथा पात्रतानुसार हितलाभ स्वीकृति की कार्यवाही मौके पर ही की गई। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हुईं।
शिविरों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि, संबल, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित उच्च शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, शासकीय आईटीआई, जिला रोजगार कार्यालय, स्वास्थ्य सेवाओं और नगर निगम से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन एवं निराकरण की कार्यवाही की गई।
अधिकारी-कर्मचारियों ने हितग्राहियों की समस्याएं सुनीं और पात्र प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। अभियान का उद्देश्य शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना है।
सेवा सेतु शिविरों में नागरिकों को मिला योजनाओं का लाभ छह स्थानों पर लगे मेगा शिविर, मौके पर आवेदन, पंजीयन और दस्तावेज सत्यापन की सुविधा

