सेवा सेतु शिविरों में नागरिकों को मिला शासकीय योजनाओं का लाभ छह स्थानों पर आयोजित मेगा शिविरों में महापौर, भाजपा जिलाध्यक्ष व पार्षदों ने किया हितलाभ वितरण

कटनी। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज, सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत रविवार को नगर के छह स्थानों पर मेगा सेवा सेतु शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया। नागरिकों से प्राप्त आवेदनों के पंजीयन एवं संबंधित शाखाओं को प्रेषित कर नियमानुसार निराकरण की कार्रवाई जारी है।
शिविर बस स्टैंड ऑडिटोरियम, स्वामी विवेकानंद सभागार, दुर्गा चौक खिरहनी, टीसी बजाज स्कूल माधवनगर उप कार्यालय, नगर निगम कार्यालय तथा खेरमाई मंदिर के पास लखेरा में आयोजित हुए। प्रत्येक केंद्र पर योजनावार काउंटर एवं हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई थी, जिससे नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिल सका।
इन योजनाओं की हुई कार्रवाई
शिविरों में पीएम स्वनिधि, संबल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीयन, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, नवीन नल कनेक्शन एवं जलकर, आईएचएसडीपी, भवन अनुज्ञा, फायर एनओसी, नामांतरण एवं कर निर्धारण, ट्रेड लाइसेंस सहित उच्च शिक्षा विभाग की गांव की बेटी योजना, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, आईटीआई तथा जिला रोजगार कार्यालय से संबंधित प्रकरणों पर कार्रवाई की गई।
नगर निगम कार्यालय में आयोजित शिविर के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न शिविर स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नागरिकों से संवाद कर योजनाओं का लाभ लेने में आ रही समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हितग्राहियों को बांटे हितलाभ
शिविर के दौरान महापौर श्रीमती सूरी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों आनंद कुमार कुशवाहा, शैकत नियाजी, निखिल सेन, शोभा शर्मा, सरोज सिंह, राजा सक्तेल, अर्चना चौधरी, रमेश कुमार निर्माणी, राजबाई एवं रोहित भारती को हितलाभ वितरित किया। वहीं लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत कुमारी अश्वी पटेल को लाभ दिया गया।
इसी प्रकार अशोक कुमार सोनी एवं चंपाबाई दहिया को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, मोहम्मद अकील को जल प्रदाय की एनओसी तथा अशोक कुमार बर्मन को मृत्यु प्रमाण पत्र का हितलाभ प्रदान किया गया। बस स्टैंड ऑडिटोरियम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने शिविर का निरीक्षण कर हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किया। अन्य शिविर स्थलों पर भी उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा हितलाभ का वितरण किया गया।
इस दौरान मेयर-इन-काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, उमेंद्र अहिरवार, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, वंदना राजकिशोर यादव, ओमप्रकाश बल्ली सोनी, रेखा संजय तिवारी, सीमा श्रीवास्तव, सुखदेव चौधरी, विनोद लाला भट्टू, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, अनुराग त्रिसोलिया, पूर्व विधायक अलका जैन, पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर टोपनानी, रामरतन पायल, समाजसेवी पारस जैन, सुनील उपाध्याय, आशीष गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य जांच के साथ मिली योजनाओं की जानकारी
प्रत्येक सेवा सेतु शिविर में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। यहां नागरिकों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई। नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।
कार्यालयों के चक्कर से मिली राहत
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत आयोजित शिविरों ने शासन की सेवाओं को नागरिकों के नजदीक पहुंचाने की अवधारणा को प्रभावी रूप दिया। विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। अभियान को ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘जन-विश्वास अभियान’ से जोड़ते हुए नागरिक-केंद्रित सुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शिविरों में उपायुक्त प्रियंका झरिया एवं शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, मृदुल श्रीवास्तव, सुनील सिंह सहित जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)