कटनी। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और स्थायी निराकरण को लेकर नगर निगम प्रशासन गंभीर नजर आया। मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं को एक-एक कर सुना गया। महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका वास्तविक लाभ संबंधित नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों में अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मौके पर निराकरण के निर्देश, लंबित मामलों की हुई समीक्षा
जनसुनवाई के दौरान पेयजल, ड्रेनेज, लोक निर्माण और आवास योजना सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं आवेदन सामने आए। महापौर श्रीमती प्रीति सूरी ने प्रत्येक प्रकरण पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उसकी वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निराकरण किया जाए। वहीं, जिन मामलों में विस्तृत कार्यवाही की आवश्यकता है, उनमें निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई कर आवेदकों को राहत प्रदान की जाए।
महापौर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और अनावश्यक विलंब से बचा जाए। इस दौरान पिछली जनसुनवाई में प्राप्त लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा भी की गई। प्रत्येक आवेदन की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई और उसकी वर्तमान स्थिति से अवगत कराया जाना जरूरी है, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार नगर निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई की सार्थकता तभी है, जब शिकायतों का समयबद्ध निराकरण हो और नागरिकों को वास्तविक राहत मिले।
पारदर्शिता और संवेदनशीलता से करें जनसमस्याओं का निराकरण
महापौर ने अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि नगर निगम से संबंधित सभी कार्यों में नागरिकों की सुविधा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना तथा नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करना निगम प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों से नागरिकों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने, शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की अपेक्षा की।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यपालन यंत्री, शाखा प्रभारी एवं तकनीकी अमला उपस्थित रहा।
जनसुनवाई में महापौर प्रीति सूरी ने दिखाई सख्ती, लंबित शिकायतों पर अधिकारियों से मांगा जवाब एक-एक प्रकरण की समीक्षा कर दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश, आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी देना भी होगा अनिवार्य

