पीजी परीक्षा परिणाम में बदलाव के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका प्राचार्य कक्ष में जलाईं खराब परीक्षा परिणामों की प्रतियां, पुलिस ने चार नेताओं को गिरफ्तार कर एनकेजे थाने पहुंचाया

कटनी। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय द्वारा स्नातकोत्तर (पीजी) परीक्षाओं के परिणाम में किए गए बदलाव के विरोध में एनएसयूआई कटनी ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अजय खटिक की उपस्थिति में छात्र नेता अभिषेक प्यासी के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य कक्ष में पहुंचकर पहले खराब परीक्षा परिणामों की प्रतियां जलाईं। इसके बाद मांग पूरी नहीं होने पर उच्च शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका गया।
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का आरोप है कि रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय द्वारा 21 अगस्त 2026 को घोषित स्नातकोत्तर परीक्षा परिणाम में जिन छात्र-छात्राओं को उत्तीर्ण घोषित किया गया था, उन्हें 13 अक्टूबर 2026 को दोबारा परिणाम जारी कर अनुत्तीर्ण कर दिया गया। परिणाम में इस तरह के बदलाव से विद्यार्थियों में नाराजगी है। एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय के इस निर्णय को छात्रहितों के खिलाफ बताते हुए परिणाम में सुधार की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान विरोध बढ़ने पर पुलिस ने मध्यप्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के प्रदेश उपाध्यक्ष शशांक गुप्ता गोलू, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अजय खटिक, छात्र नेता अभिषेक प्यासी और मुड़वारा विधानसभा अध्यक्ष प्रिंस वंशकार को गिरफ्तार कर एनकेजे थाने ले गई।
एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन से बदले गए स्नातकोत्तर परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए 48 घंटे का समय मांगा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में हर्ष प्यासी, सौरभ पांडे, प्रज्वल साहू, सत्यम द्विवेदी, अनूप ठाकुर, हिमांशु दाहिया, वीर शर्मा, अभिषेक परिहार, प्रवीण सिंह सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)