अवैध गैस कारोबार पर प्रशासन का छापा, 100 सिलिंडर जब्त बरगवां में यादव गैस एजेंसी के दो ठिकानों पर संयुक्त टीम की कार्रवाई, अवैध गोदाम सील; वाहन भी जब्त

कटनी। पर्व के मद्देनजर गैस सिलिंडरों के अवैध भंडारण और अनधिकृत सप्लाई पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बरगवां क्षेत्र में यादव गैस एजेंसी के दो ठिकानों पर दबिश देकर जांच की। कार्रवाई के दौरान टीम ने वाहन सहित 100 खाली एवं भरे गैस सिलिंडर जब्त किए, जबकि अवैध रूप से संचालित पाए गए एक गोदाम को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बरगवां निवासी संदीप यादव की यादव गैस एजेंसी द्वारा काफी हाउस के पीछे खदान के पास बिना आवश्यक अनुमति के गैस सिलिंडरों का भंडारण कर उनकी सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान अनधिकृत रूप से गैस सिलिंडरों का भंडारण एवं सप्लाई किए जाने की बात सामने आने पर टीम ने वाहन सहित 100 खाली और भरे सिलिंडर जब्त कर लिए।
इसके बाद अधिकारियों की टीम बारडोली कॉलेज के पीछे दानव बाबा के पास स्थित गोदाम पहुंची। यहां भी वाहन और गैस सिलिंडर रखे मिले। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बावजूद एजेंसी संचालक मौके पर उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने गोदाम को अवैध रूप से संचालित पाए जाने पर सील कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से गैस सिलिंडरों का भंडारण और सप्लाई करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। संयुक्त कार्रवाई में तहसीलदार आकाश नीरज, खाद्य निरीक्षक सुनील किरार, यज्ञदत्त त्रिपाठी, नागेश्वर श्रीवास सहित रंगनाथ नगर थाना पुलिस का बल मौजूद रहा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)