कटनी जिले में जारी तेज बारिश ने नगर की अव्यवस्थाओं की सच्चाई उजागर कर दी है। शहर के मंगल नगर, गायत्री नगर और कैलवारा फाटक स्थित रेलवे अंडरब्रिज बारिश के चलते तालाब में तब्दील हो गए। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि लोग जान जोखिम में डालकर इन जलमग्न रास्तों से गुजरते नजर आए। मंगल नगर साउथ अंडरब्रिज से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें स्कूली बच्चों से भरी एक वैन पानी में फंस गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए बच्चों को एक खुले रिक्शे में बैठाकर सुरक्षित बाहर निकाला। कटनी में लगातार हो रही भारी बारिश ने शहर के कई इलाकों में हालात बिगाड़ दिए हैं। मंगल नगर साउथ अंडरब्रिज पूरी तरह पानी में डूब गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण अंडरब्रिज जलभराव का शिकार हो गया। सबसे चिंताजनक दृश्य तब सामने आया जब स्कूली बच्चों से भरी एक वैन अंडरब्रिज के बीचों-बीच पानी में फंस गई। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए बच्चों को वैन से निकालकर खुले रिक्शे में बैठाकर सुरक्षित बाहर पहुंचाया। यह सिर्फ शहरी इलाकों की कहानी नहीं है, ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कटनी कलेक्टर दिलीप यादव ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस, होमगार्ड और नगर निगम की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं। ऐसे सभी संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां टीमों को तैनात किया गया है। अभी तक कोई गंभीर हादसा सामने नहीं आया है, लेकिन लगातार निगरानी रखी जा रही है।

