घर के बाहर खड़ी महिला पर गाय का जानलेवा हमला ,बेटी और युवक पर भी झपट पड़ी बेकाबू मवेशी “नगर निगम की नींद में जान जोखिम में: राबर्ट लाइन में गाय का आतंक: मोहल्ले में दहशत”

कटनी।। माधव नगर और शहर में बढ़ते आवारा मवेशियों की समस्या अब जानलेवा होती जा रही है। ताजा मामला संत कंवरराम वार्ड, राबर्ट लाइन से सामने आया है जहाँ एक महिला पर सड़कों पर खुलेआम घूम रही गाय ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस समय की है जब महिला अपने घर के बाहर खड़ी थी। तभी अचानक एक गाय ने बेकाबू होकर महिला पर हमला बोल दिया। हमले की तीव्रता इतनी थी कि महिला मौके पर ही अचेत होकर ज़मीन पर गिर पड़ी। शोर सुनकर जब एक किशोरी महिला को बचाने आई, तो गाय ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गई। इसके बाद गाय ने एक अन्य युवक को भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन मोहल्लेवालों की सतर्कता से बड़ी दुर्घटना टल गई।
घायल महिला का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है और उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। इस भयावह दृश्य का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोल रहा है।
घटना के बाद राबर्ट लाइन क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि:”हम रोज डर के साए में जी रहे हैं। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग कोई भी सुरक्षित नहीं। ये आवारा मवेशी हर गली-मोहल्ले में घूमते हैं और अब तो जानलेवा हमले कर रहे हैं।”लोगों की मांग है कि नगर निगम आवारा मवेशियों को पकड़ने की मुहिम में तत्परता और गंभीरता लाए। महज कागजों में चल रही योजनाएं ज़मीन पर उतारी जाएं ताकि आम जनजीवन सुरक्षित हो सके। नगर निगम और जिला प्रशासन पर यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या किसी बड़ी जनहानि के बाद ही वे जागेंगे? आवारा पशुओं की समस्या कोई नई नहीं है, लेकिन इसे लेकर उठाए जाने वाले कदम अब तक सिर्फ औपचारिकताओं तक ही सीमित दिखाई दे रहे हैं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)