कटनी। नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे ने बुधवार को राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक के दौरान लापरवाह कर्मचारियों पर कड़ा रुख अपनाया। वसूली कार्य में रुचि न लेने वाले तीन राजस्व कर्मचारियों के अगस्त माह के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि बकाया वसूली हर कर्मचारी का नैतिक दायित्व है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वसूली दल को दैनिक वसूली लक्ष्य निर्धारित कर बकायादारों से लगातार संपर्क बनाए रखने और राशि निगम कोष में जमा कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने यह भी चेताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर शासन से मिलने वाला अनुदान प्रभावित होगा, जिससे कर्मचारियों को वेतन आहरण में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही, 13 सितंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने पिछले लोक अदालत में हुई कम वसूली पर असंतोष जताते हुए बकायादारों को शत-प्रतिशत बिल वितरण, फोन व मैसेज के माध्यम से जानकारी देने और छूट का लाभ बताकर राशि जमा कराने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए।बैठक में राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक, मुकेश राजपूत, प्रकाश पांडे, लवकुश तिवारी सहित जल प्रदाय विभाग व वसूली दल के कर्मचारी उपस्थित रहे।

