चौसठ योगिनी जालपा माता मंदिर से निकला भव्य जवारा जुलूस आस्था और उत्साह के सागर में डूबी धर्म नगरी, जय माता दी के नारों से गूंजा शहर

कटनी।। नवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार को सुप्रसिद्ध चौसठ योगिनी जालपा माता मंदिर से पारंपरिक जवारा विसर्जन जुलूस बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ निकाला गया। मां जालपा के जयकारों से गुंजायमान इस जुलूस में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा शहर एक अलौकिक धार्मिक माहौल में डूब गया। जुलूस की अगुवाई में माता के जवारे सजधजकर आकर्षक रूप में रखे गए, वहीं हाथों में बाना लिए भक्तजन नाचते-गाते चल रहे थे। महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी भक्ति भाव में लीन होकर माता के गीतों और ढोल-ढमाकों की थाप पर झूमते नजर आए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर और प्रसाद वितरण कर जुलूस का स्वागत किया। कटनी की धर्म नगरी इस मौके पर सचमुच आस्था की गंगा में डूबी हुई दिखी। भक्तों की भीड़ जहां-जहां से जुलूस गुजरा वहां उमड़ पड़ी और “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। चाक-चौबंद इंतज़ामों के चलते श्रद्धालु निर्भय होकर धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित हो सके।
नदी-घाटों तक पहुंचे भक्तों ने परंपरागत विधि-विधान से जवारे का विसर्जन किया और मां जगदंबा से सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की मंगलकामना की। आस्था और उत्साह से सराबोर यह नजारा देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो उठा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)