सस्ते सोने का जाल और चाकू की नोंक पर 8 लाख की डकैती! पारधी गिरोह का भंडाफोड़, कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

कटनी में सस्ते सोने का लालच देकर डकैती करने वाले पारधी गिरोह पर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करारा प्रहार किया है। चाकू की नोक पर साढ़े आठ लाख की लूट को अंजाम देने वाले इस शातिर गिरोह को पुलिस ने कुछ ही घंटों में दबोच लिया। आइए जानते हैं पूरी वारदात और पुलिस की कार्रवाई की पूरी कहानी। कटनी जिले में सस्ते सोने का झांसा देकर डकैती करने वाले पारधी गिरोह को पकड़ने में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामला 25 दिसंबर 2025 का है, जब फरियादिया बबीता डेहरिया, निवासी हर्रई जिला छिंदवाड़ा ने कोतवाली थाने पहुंचकर सनसनीखेज रिपोर्ट दर्ज कराई।

फरियादिया ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान कटनी रेलवे स्टेशन के पास उसकी मुलाकात एक पारधी महिला से हुई थी, जिसने बेहद सस्ते दामों में सोना देने का लालच दिया। इसके बाद लगातार फोन पर बातचीत होती रही। करीब 20 दिन पहले मुड़वारा स्टेशन के पास पारधी महिला अपने दो साथियों के साथ मिली और सोने जैसी गिन्नी दिखाकर 7-8 किलो सोना बेचने की बात कही। 24 दिसंबर को फोन कॉल पर बुलाकर फरियादिया, उसके भाई और परिचित कुल 8 लाख रुपये नकद लेकर खरखरी स्कूल के पास पहुंचे। वहां पहले से मौजूद महिला और तीन पुरुषों ने पैसे देखने के बहाने सभी को घेर लिया। अचानक चाकू निकालकर गालियां दी गईं और विकास बंजारा के गले पर चाकू अड़ाकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया गया। बदमाश मोबाइल फोन छीनकर दो मोटर साइकिलों से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली, माधवनगर, रंगनाथनगर, रीठी और बस स्टैंड चौकी की संयुक्त टीमें गठित की गईं। तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर कैलवारा बायपास के पास घेराबंदी कर 4 पुरुष और 2 महिलाओं को दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने डकैती की वारदात कबूल कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पूरी 8 लाख रुपये की डकैती की रकम, 4 चाकू, 2 मोटर साइकिल, 6 मोबाइल फोन और सोने जैसी दिखने वाली करीब 250 ग्राम की नकली गिन्नियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में बुश लाल पारधी, बाबू सिंह पारधी, ग्यारह बाबू पारधी, सरीना उर्फ सहरीना, बली उर्फ बल्ली और लोंगचाई उर्फ लोंगा बाई शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से इसी तरीके से लोगों को ठगकर वारदात को अंजाम दे रहा था। कोतवाली पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से एक बड़े डकैती गिरोह का पर्दाफाश हुआ है और आम जनता को सस्ते सोने के लालच से सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी गई है।

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)