कटनी। जिले में अवैध उत्खनन और खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्यवाही की है। इसी कड़ी में बड़वारा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से लदे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक हाइवा को जब्त किया है। यह कार्रवाई क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर की गई।सुड्डी ग्राम में घेराबंदी कर पकड़ा ट्रैक्टर*
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुड्डी ग्राम से रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सुड्डी ग्राम के पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की। इस दौरान नीरज श्रीवास नामक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरकर बरही की ओर जा रहा था। जब पुलिस ने वाहन रुकवाकर रेत की रॉयल्टी या वैध दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। पुलिस ने तत्काल वाहन को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया।
*रोहनिया ग्राम में भी हुई कार्रवाई*
इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई रोहनिया ग्राम में की गई। पुलिस ने गणेशपुर से रोहनिया की ओर आ रहे एक ट्रैक्टर को रोका। चालक संजीत सिंह से जब वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई प्रमाण नहीं दे पाया। अवैध रेत परिवहन की पुष्टि होने पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया।
*हाइवा वाहन जब्त, पुलिस की सख्त निगरानी*
रेत के अवैध कारोबार पर लगाम कसते हुए पुलिस ने दो दिन पूर्व गुड़ा ग्राम में भी अवैध रेत परिवहन कर रहे एक भारी वाहन (हाइवा) को पकड़ा था। पुलिस ने इन सभी जब्त वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

