कटनी।। जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर आज जिला जन अधिकार मंच के तत्वावधान में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माननीय मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा कटनी जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की घोषणा से जिले की जनता में खुशी की लहर थी, क्योंकि यह कटनी की वर्षों पुरानी मांग रही है। लेकिन अब समाचार पत्रों के माध्यम से यह जानकारी सामने आई है कि मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मॉडल पर खोले जाने की तैयारी की जा रही है, जिससे आमजन में गहरी निराशा और आक्रोश है। जिला जन अधिकार मंच का कहना है कि पीपीपी मॉडल वस्तुतः निजीकरण का ही एक रूप है और जिन क्षेत्रों में इस मॉडल पर मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं, वहां आम जनता को स्वास्थ्य सेवाओं और फीस को लेकर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंच ने यह भी उल्लेख किया कि सत्ताधारी दल के कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भी इस मॉडल से सहमत नहीं हैं, लेकिन दलीय अनुशासन के चलते खुलकर अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं। धरना स्थल से जारी ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से पुनः आग्रह किया गया कि कटनी में पूर्णतः सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाए, ताकि जिले की जनता को सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। मंच ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री जन भावनाओं का सम्मान करते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेंगे।
सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर जिला जन अधिकार मंच का धरना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

