कटनी-चैत्र नवरात्र पर्व प्रारंभ होने से पूर्व निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने शहर के प्रमुख आस्था केंद्र जालपा मढ़िया मंदिर का रात्रिकालीन निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान श्री पाठक ने मंदिर परिसर एवं आसपास की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, दर्शनार्थियों के लिए सुचारु कतार व्यवस्था, कीटनाशक दवाइयों के छिड़काव तथा पेयजल व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। श्री पाठक ने कहा कि नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और सुचारु रहना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर श्री पाठक ने जलपा वार्ड में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत चल रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य की समीक्षा की। उन्होंने योजना के नियोजक श्री नवीन पटेल को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां तत्काल सीमेंटीकरण का कार्य कराकर मार्ग को व्यवस्थित किया जाए, ताकि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
साथ ही स्थल पर मौजूद हांका गैंग प्रभारी श्री दीपक मलिक को निर्देशित किया गया कि मंदिर परिसर एवं आसपास किसी भी प्रकार के आवारा पशुओं का जमावड़ा न होने दिया जाए, क्योंकि इससे श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है और दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने इस अवसर पर नगरवासियों को चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं प्रेषित की एवं श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि चैत्र नवरात्र केवल आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का भी प्रतीक है। माता रानी की आराधना करते हुए सभी श्रद्धालु स्वच्छता, अनुशासन और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें तथा मंदिर परिसर को स्वच्छ और पवित्र बनाए रखने में सहयोग करें।
इसी क्रम में निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने बलखंडी मढ़िया पहुंचकर भी मंदिर परिसर का निरीक्षण किया।
उन्होंने वहां की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सर्वश्री मंदिर के मुख्य पुजारी श्री लाल जी पंडा अज्जू सोनी, अमृत 2.0 योजना के नियोजक श्री नवीन पटेल, हांका गैंग प्रभारी श्री दीपक मलिक, जलप्रदाय विभाग के अशोक गर्ग ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष राजू शर्मा सानू तिवारी विकाश कनौजिया सहित क्षेत्रीय नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

