*बुजुर्गों का मिला आशीर्वाद, वरिष्ठजनों ने किया भूमिपूजन: जाकिर हुसैन वार्ड में विकास कार्यों का हुआ शंखनाद*

कटनी।शहर को सुंदर, आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त बनाने के संकल्प के साथ नगर निगम ने विकास का एक नया अध्याय लिखा है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती रेखा संजीव तिवारी एवं मेयर इन काउंसिल सदस्यों की विशेष मौजूदगी में डॉ जाकिर हुसैन वार्ड के नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने हेतु लगभग 12 लाख की लागत से बनने वाले आधुनिक नाले का भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम बुधवार 13 मई को संपन्न हुआ। यह प्रोजेक्ट न केवल वार्ड के इंफ्रास्ट्रक्चर को एक नई मजबूती देगा, बल्कि आने वाले समय में यहाँ के निवासियों के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित और खुशहाल वातावरण का मार्ग भी प्रशस्त करेगा।

*वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वरिष्ठजनों ने किया*

भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन वार्ड स्थित प्रसिद्ध दुर्गा देवी मंदिर परिसर में किया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद वार्ड के वरिष्ठजन अशोक शर्मा एवं सुभाष गर्ग के करकमलों से विधि-विधानपूर्वक और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कार्य संपन्न कराया गया।

*विकास और मूलभूत सुविधाएं हमारी प्राथमिकता: महापौर*

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेहतर जल निकासी व्यवस्था नागरिक सुविधाओं से सीधे जुड़ा हुआ विषय है। इस नाला निर्माण कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को विशेषकर वर्षा ऋतु में होने वाली जलभराव की समस्याओं से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।

*वार्डवासियों की पुरानी मांग हुई पूरी: क्षेत्रीय पार्षद*

क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती रेखा संजय तिवारी ने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि वार्डवासियों की यह मांग लंबे समय से लंबित थी। जनता की परेशानी को देखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाई गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजीव गांधी वार्ड के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए उनके प्रयास आगे भी इसी तरह निरंतर जारी रहेंगे।

*बुजुर्ग महिलाओं का हुआ सम्मान*

कार्यक्रम के दौरान वार्डवासियों द्वारा महापौर श्रीमती सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसी दौरान एक बेहद भावनात्मक एवं आत्मीय दृश्य देखने को मिला, जब महापौर श्रीमती सूरी ने वार्ड की बुजुर्ग महिलाओं को माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस विकास कार्य के शुभारंभ अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्वश्री डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार सहित पार्षद शकुंतला सोनी, संजय तिवारी स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्ड के गणमान्य नागरिक व मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

*श्री रामजानकी हनुमान मंदिर के वार्षिक उत्सव में शामिल हुए जनप्रतिनिधि*

भूमिपूजन कार्यक्रम के उपरांत महापौर श्रीमती सूरी एवं अन्य जनप्रतिनिधि श्रीरामजानकी हनुमान वार्ड स्थित श्री रामजानकी हनुमान मंदिर में आयोजित वार्षिक उत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान के दर्शन कर शहरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि मंदिर का यह वार्षिक उत्सव प्रतिवर्ष 13 मई को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)