शासकीय कन्या महाविद्यालय में रोजगारोन्मुखी करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित

कटनी,। शासकीय कन्या महाविद्यालय  में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में छात्राओं के लिए रोजगारोन्मुखी करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विभिन्न रोजगार एवं करियर अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा व्यक्तित्व विकास के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान कर उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति प्रेरित करना था।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को समय का सदुपयोग करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा अपने कौशल का निरंतर विकास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रतिस्पर्धा के इस दौर में उचित मार्गदर्शन, सतत परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण ही सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री संजीव कुमार, स्किलवियन (Skillvion) कंपनी से पधारे थे। उन्होंने छात्राओं को कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसरों, आवश्यक कौशल विकास, करियर नियोजन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि Skillvion के माध्यम से युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण एवं विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही इच्छुक छात्राओं को कंपनी से जुड़कर अपने करियर को नई दिशा देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन डॉ. रोशनी पाण्डेय, प्रकोष्ठ प्रभारी, स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। अंत में मुख्य वक्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं से प्राप्त मार्गदर्शन का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया गया।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)