कटनी। श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर शुक्रवार को प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर से भव्य कलश यात्रा श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति की अनुपम छटा के बीच निकाली गई। हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्तों एवं महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता निभाई। पूरे मार्ग में “राधे-राधे”, “जय श्रीकृष्ण”, “हर-हर महादेव” और “जय श्रीराम” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कलश यात्रा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यात्रा में आगे-आगे ध्वज-पताकाएं लिए श्रद्धालु चल रहे थे, जबकि सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर सुसज्जित कलश लेकर भक्ति गीतों का गायन करती हुई आगे बढ़ रही थीं। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया तथा शीतल पेय और प्रसाद की व्यवस्था की।
यात्रा का विशेष आकर्षण सुसज्जित वाहन रहा, जिस पर पूज्य वेद व्यास श्री यज्ञगुरु स्वामी वर्धमानाचार्य जी महाराज विराजमान होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान कर रहे थे। उनके दर्शन एवं सान्निध्य के लिए मार्गभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। महाराज श्री ने अपने संदेश में कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मानव जीवन को संस्कार, सदाचार, भक्ति और ईश्वर से जोड़ने का दिव्य माध्यम है।
भव्य कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल, बालाजी नगर स्थित नीरज दुबे निवास पहुंची, जहां वैदिक रीति-रिवाजों के साथ कलश स्थापना कर श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ।
आयोजन समिति ने बताया कि 7 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से हरि इच्छा तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला इस अबसर पर इस धार्मिक आयोजन के पं. राजेश दुबे, पं. रमेश दुबे (अन्नू), पं. अनिल दुबे (पप्पू) एवं पं. नीरज दुबे (नीटू) सीमांत दुबे शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला भूरा पाठक सहित समस्त दुबे परिवार सहित श्रद्धालु भक्तों सहित भारी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही।
प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, जयघोष से गूंजा नगर

