कटनी – शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्वच्छता नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में निगम के स्वच्छता अमले ने वार्ड क्रमांक 42 के मेन बाजार, माधव नगर क्षेत्र के अन्य स्थलों का औचक निरीक्षण कर स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 8 प्रकरणों में 4 हजार 800 रूपये का स्पॉट फाइन वसूल किया गया।*डेयरी संचालकों सहित अमानक पन्नी व गंदगी पर कार्रवाई*
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन डेयरी संचालकों—कल्लू राम, विक्रम कौशल एवं विनोद यादव पर 1-1 हजार रूपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं बाजार क्षेत्र में कार्यवाही के दौरान सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने एवं अमानक पन्नी का उपयोग करने के मामलों में कैलाश कुमार हरि राम पर 300 रुपए ,राम गिरधारी लाल नागवानी पर 500 रूपये, विजय श्याम लाल पर 500 रूपये, प्रकाश घनश्याम दास पर 200 रूपये तथा सुशील गोविंद राम पर 300 रूपये का स्पॉट फाइन किया गया।
कार्रवाई के दौरान जब्त की गई अमानक पन्नी को निगम दल द्वारा मौके पर ही नष्ट कराया गया।
*स्वच्छता से समझौता नहीं*
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अमानक पन्नी का उपयोग करने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने अथवा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार चालानी कार्रवाई जारी रहेगी। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अन्य कठोर कार्रवाई भी की जा सकती है।
*नागरिकों से अपील*
निगम ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे अमानक पन्नी के स्थान पर कपड़े एवं कागज के थैलों का उपयोग करें तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। स्वच्छ और स्वस्थ कटनी के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए निगम ने सभी से स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की है।
*कार्यवाही में ये कर्मचारी रहे उपस्थित*
कार्रवाई के दौरान स्वच्छता निरीक्षक दीपक अग्निहोत्री, वार्ड दरोगा विनय अर्खेल, संदीप मोगरे, राकेश निगम एवं संगीत शर्मा सहित निगम का स्वच्छता अमला उपस्थित रहा।
फोटो –

