कटनी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम से भव्य तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। झमाझम बारिश के बीच भी देशप्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ और बारिश पर देशभक्ति का जुनून भारी पड़ता नजर आया। हजारों छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं शासकीय कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने तिरंगा पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विधायक मुड़वारा संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
यात्रा फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से प्रारंभ होकर स्टेट बैंक तिराहा, गांधी द्वार, जैन मंदिर, खेरमाई मंदिर, घंटाघर, सराफा कपड़ा बाजार, सुभाष चौक एवं मोहन टॉकीज होते हुए वापस फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंची। समापन अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हाथों में लहराते तिरंगे, बैंड-बाजों की धुन और भारत माता तथा अमर शहीदों के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों ने बारिश के बीच भी लोगों में जोश और उत्साह भर दिया। तिरंगा यात्रा ने जन-जन को राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया।
बारिश में भी नहीं थमे देशभक्तों के कदम, तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

