शासकीय कन्या महाविद्यालय में निकली भव्य तिरंगा रैली, गूंजे देशभक्ति के नारे

कटनी। देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी द्वारा प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में महाविद्यालय की छात्राओं, शिक्षकों एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली के दौरान छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ देशभक्ति गीतों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव एवं एकता का संदेश दिया। तिरंगे के सम्मान से जुड़े नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। छात्राओं ने अनुशासन और गरिमा के साथ रैली में सहभागिता कर देश के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत करते हैं।
महाविद्यालय परिवार ने छात्राओं को तिरंगे का सम्मान करने, राष्ट्रीय मूल्यों को अपनाने तथा देश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प दिलाया। उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ तिरंगा रैली सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)