महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, घंटाघर पर 10 रुपए किलो बांटी शक्कर

कटनी। बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। इसी क्रम में कटनी जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी ब्लॉकों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने शक्कर, पेट्रोल-डीजल, घरेलू गैस सिलेंडर और बिजली की बढ़ती कीमतों को लेकर नाराजगी जाहिर की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक घंटाघर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर बांटकर महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कांग्रेस द्वारा प्रतीकात्मक रूप से 10 रुपए प्रति किलो की दर से शक्कर बेची गई और घरेलू गैस सिलेंडर रखकर सरकार की नीतियों का विरोध किया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह ने कहा कि शक्कर के दाम में करीब 30 से 35 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के बाद गणेश चतुर्थी, श्राद्ध पक्ष, नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार आने वाले हैं। ऐसे में शक्कर के बढ़ते दाम का सीधा असर आम परिवारों के बजट और रसोई पर पड़ेगा।
उन्होंने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण और बिजली की बढ़ी दरों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि एथेनॉल मिश्रण से वाहनों के माइलेज पर असर पड़ने के कारण वाहन चालकों का खर्च बढ़ रहा है। वहीं बिजली की बढ़ी दरों और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों ने भी आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार को बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान प्रभारी मनु मिश्रा, विधानसभा प्रभारी ओमकार सिंह, दुर्गेश पटेल, पूर्व विधायक बसंत सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष करण सिंह, विजय पटेल, जालिम यादव, चोखे भाईजान, अजय जैसवानी, राजेश जाटव, सुशील जायसवाल, जाफर, अजय खटीक, इजराइल, प्रेम बत्रा, नारायण निषाद, मजीद खान, रजनी वर्मा, मंगल सिंह, मनोज गुप्ता, बसंत द्विवेदी, मेवालाल पटेल, देवीदीन गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, संजू गुप्ता, हर्षित मिश्रा, रामथा, श्याम यादव, इश्तियाक अहमद, मंजू निषाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)