वृद्ध दंपति के लिए बेटे की तरह खड़े रहे कलेक्टर, खुद डॉक्टर कक्ष तक पहुंचाया अम्मा-दादा का हाल जाना, इलाज के दिए निर्देश; बीपीएल कार्ड बनवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के भी निर्देश

कटनी। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच संवेदनशीलता की मिसाल उस समय देखने को मिली, जब मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कन्हवारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी की नजर इलाज के लिए आए वृद्ध दंपति पर पड़ी। कलेक्टर ने उनके पास पहुंचकर आत्मीयता से हाल-चाल पूछा और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने वृद्ध दंपति को स्वयं डॉक्टर के कक्ष तक पहुंचाया और स्वास्थ्य परीक्षण पूरा होने तक उनके साथ खड़े रहे।
कन्हवारा निवासी 60 वर्षीय सोनाबाई कोरी और 65 वर्षीय हरिदास कोरी स्वास्थ्य जांच के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। कलेक्टर ने चिकित्सकों से दोनों की तबीयत के संबंध में जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि सोनाबाई को लंबे समय से बुखार आने के साथ हड्डियों से संबंधित परेशानी है, जबकि हरिदास कोरी भी हड्डियों की समस्या से पीड़ित हैं। कलेक्टर ने दोनों के बेहतर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बीपीएल कार्ड बनवाने के निर्देश
कलेक्टर तिवारी ने वृद्ध दंपति की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद पटवारी को उनके बीपीएल कार्ड की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्रता के अनुसार दंपति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए, ताकि उन्हें उपचार और जीवन-यापन में आवश्यक सहयोग मिल सके।
टीबी पीड़ित महिला के पोषण पर भी दिया जोर
स्वास्थ्य केंद्र में अपने डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ उपचार कराने पहुंची टीबी पीड़ित महिला से भी कलेक्टर ने बातचीत की। उन्होंने जानकारी ली कि महिला को शासन की ओर से मिलने वाली निःशुल्क दवाइयां नियमित रूप से प्राप्त हो रही हैं या नहीं। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह को महिला के लिए पोषण आहार किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उसके बच्चे का टीकाकरण सुनिश्चित कराने को कहा।
कलेक्टर के इस मानवीय व्यवहार की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, तहसीलदार अजीत तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)