कटनी। कजलिया पर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 29 अगस्त को मनाए जाने वाले पर्व के दौरान गाटरघाट एवं मेला स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने गाटरघाट पहुंचकर घाट एवं मेला स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने घाट एवं मेला स्थल के पहुंच मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने के साथ रात्रि के समय श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
महापौर ने मेला स्थल एवं घाट परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाने, नियमित कचरा उठाव और कचरा एकत्रीकरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा घाट एवं मेला स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग में मौजूद गड्ढों को मोटरेबल कराकर आवागमन सुगम एवं सुरक्षित बनाने को भी कहा।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि कजलिया पर्व शहर की परंपरा और आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए निगम द्वारा प्रकाश, स्वच्छता, सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता बनाए रखने नागरिकों से अपील
महापौर ने शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से घाट, मेला स्थल और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने तथा घाटों एवं मेला परिसर को साफ-सुथरा रखने का आग्रह किया। महापौर ने कहा कि पर्व की पवित्रता और सुंदरता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कजलिया पर्व की तैयारियों को लेकर महापौर ने किया घाट व मेला स्थल का निरीक्षण प्रकाश, सफाई और पहुंच मार्ग की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

