कटनी, 28 अगस्त। जिले में इस वर्ष मानसून के दौरान अब तक औसत वर्षा पिछले साल की तुलना में कम दर्ज की गई है। 1 जून से 28 अगस्त तक जिले में कुल 676.0 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है। जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में 913.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज हुई थी। इस तरह पिछले साल की तुलना में इस वर्ष अब तक करीब 26 फीसदी कम औसत वर्षा हुई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख मुन्ना लाल तिवारी ने बताया कि जिले की विभिन्न तहसीलों में वर्षा की स्थिति अलग-अलग रही है। इस वर्ष अब तक स्लीमनाबाद तहसील में सबसे अधिक 991.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। वहीं रीठी तहसील में 798.7 मिलीमीटर, ढीमरखेड़ा में 743.7 मिलीमीटर तथा विजयराघवगढ़ में 666.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
इसी प्रकार कटनी तहसील में 605.8 मिलीमीटर, बहोरीबंद में 638.7 मिलीमीटर, बरही में 514.8 मिलीमीटर तथा बड़वारा तहसील में 443.5 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष इसी अवधि में रीठी तहसील में 1211.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस वर्ष अब तक जिले में वर्षा का आंकड़ा पिछले साल की तुलना में कम रहने से बारिश के आंकड़ों पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
जिले में अब तक 676 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज पिछले वर्ष की तुलना में इस साल 26 फीसदी कम हुई बारिश, स्लीमनाबाद में सबसे अधिक वर्षा

