कटनी। अग्रवाल महिला मंडल द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में नंदोत्सव एवं बाल लीला महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम के दौरान सजे-धजे लड्डू गोपाल जी को झूला झुलाया गया। महिलाओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में ‘नंद घर आनंद भयो’ सहित विभिन्न बधाई गीत गाए। इस अवसर पर लड्डू गोपाल जी को 56 भोग भी अर्पित किया गया।
नंदोत्सव के अवसर पर परंपरागत गुड़ के लड्डू बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल ने स्वाद एवं प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्रीमती रेखा अग्रवाल, द्वितीय श्रीमती रीता अग्रवाल तथा तृतीय स्थान श्रीमती रानी अग्रवाल ने प्राप्त किया। सभी विजेताओं को अग्रवाल महिला मंडल की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती निमिषा अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती अलका अग्रवाल, सचिव श्रीमती नीति अग्रवाल, सह-सचिव श्रीमती पायल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती रश्मि अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजन भक्तिमय वातावरण में उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
अग्रवाल महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया नंदोत्सव, गूंजे बधाई गीत

