दिसंबर तक पूरा होगा कटनी-बिलहरी-स्लीमनाबाद मार्ग का महत्वपूर्ण पुल कलेक्टर ने निर्माणाधीन पुल का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को बिलहरी-कैमोरी-स्लीमनाबाद मार्ग पर कटनी नदी एवं बहुड़ा नदी के संगम पर निर्माणाधीन पुल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पुल का निर्माण दिसंबर माह के अंत तक हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से बन रहे इस पुल के पूरा होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप ही निर्माण कराया जाए।
बारिश में आवागमन होगा सुरक्षित
पुल बनने से निटर्रा, बांधा इमलाज, हथकुरी, घुघरा, खरखरी, नैगवां, पिपरिया परौहा, बड़खेरा सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित होने वाले मार्ग पर भी आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।
कलेक्टर तिवारी ने मौके पर निर्माण की वर्तमान स्थिति का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के साथ निर्माण की गुणवत्ता उच्च स्तर की रखी जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के महाप्रबंधक प्रभात जैन, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, पर्यावरणविद् निर्भय सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)