कटनी।विजयराघवगढ़। थाना क्षेत्र में 9 सितंबर को हुए सड़क हादसे को ध्यान में रखते हुए विजयराघवगढ़ पुलिस ने रविवार को स्कूली वाहनों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के निर्देशन में क्षेत्र के निजी एवं अर्द्धशासकीय स्कूलों में संचालित वाहनों को थाना परिसर में बुलाकर उनके दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।
चेकिंग के दौरान स्कूली वाहनों के संपूर्ण दस्तावेजों का अवलोकन करने के साथ ही वाहन चालकों के आपराधिक रिकॉर्ड का थाना स्तर पर सत्यापन कराया गया। सत्यापन की जानकारी रजिस्टर में दर्ज की गई। इसके अलावा वाहनों का भौतिक सत्यापन करते हुए दरवाजों की स्थिति, बच्चों के बैठने की व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा संबंधी इंतजामों की जांच की गई।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि अवकाश के दिनों में विशेष अभियान चलाने का उद्देश्य स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की व्यवस्थित तरीके से जांच करना है, ताकि स्कूल संचालन के दौरान बच्चों के वाहनों को अनावश्यक रूप से रोकने की आवश्यकता न पड़े। खबर लिखे जाने तक करीब 40 स्कूली वाहनों की जांच की जा चुकी थी। अभियान सोमवार को भी जारी रहेगा।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं यातायात नियमों की जानकारी दी। स्कूल संचालकों, वाहन मालिकों और चालकों को वाहनों के दस्तावेज अद्यतन रखने, बच्चों के वाहन में सवार होने के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी गई।
हादसे के बाद विजयराघवगढ़ पुलिस का विशेष अभियान, 40 स्कूली वाहनों की चेकिंग

