कटनी।विजयराघवगढ़ गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना परिसर विजयराघवगढ़ में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में गणेश उत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ अभियंता, नगर परिषद विजयराघवगढ़ के उपाध्यक्ष, पत्रकारगण, गणमान्य नागरिक, वार्ड पार्षद एवं गणेश उत्सव समितियों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने गणेश पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पंडालों में समिति के कार्यकर्ताओं की लगातार मौजूदगी बनाए रखने की समझाइश दी।
गणेश पंडालों के लिए विधिवत विद्युत कनेक्शन लेने, पंडालों के कारण यातायात बाधित न होने तथा शासन की हेल्पलाइन नंबरों का पंडालों में लेखन कराने के निर्देश दिए गए। नगर परिषद की ओर से शहर में साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
बैठक में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन चल समारोह को निर्धारित व्यवस्था के तहत एक ही दिवस में संपन्न कराने तथा विसर्जन स्थल पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने गणेश उत्सव पर्व को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने तथा किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित न होने देने की अपील की।
बैठक के अंत में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ अभिषेक चौबे ने उपस्थित सभी जनों का आभार व्यक्त किया।
गणेश उत्सव को लेकर विजयराघवगढ़ में शांति समिति की बैठक पंडालों में सुरक्षा, विद्युत कनेक्शन, यातायात और विसर्जन व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

