कटनी-शहरवासियों की समस्याओं को सुनने और उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम में एक बार फिर महापौर जनसुनवाई का आयोजन मंगलवार 15 सितंबर को किया जाएगा। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं को सीधे महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष रख सकेंगे। महापौर जनसुनवाई प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक नगर निगम में आयोजित होगी। इस दौरान नागरिकों से प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण सुनिश्चित कराया जाएगा।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों और नगर निगम के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे समस्याओं की वास्तविक स्थिति समझने और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उसके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाती है। नगर निगम का प्रयास है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न शाखाओं में जाने की आवश्यकता न पड़े।
महापौर श्रीमती सूरी ने नगरवासियों से अपील की है कि वे 15 सितंबर को आयोजित महापौर जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें।

