कैमोर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को कैमोर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ मरीजों और उनके परिजनों से आत्मीय संवाद भी किया। महिला वार्ड में निरीक्षण के दौरान उनकी नजर छठवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा सुरभि पर पड़ी। बातचीत के दौरान जब कलेक्टर ने उससे पूछा कि पांचवीं कक्षा में कितने अंक आए थे, तो सुरभि ने बताया कि उसे 600 में से 599 अंक मिले हैं।
सुरभि ने बताया कि वह अपनी मामी के साथ अस्पताल आई है। उसकी मामी के यहां हाल ही में बेटी का जन्म हुआ है। बातचीत के दौरान कलेक्टर ने छात्रा की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उसके परीक्षा परिणाम के बारे में पूछा। सुरभि द्वारा 599 अंक प्राप्त करने की जानकारी देने पर कलेक्टर ने उसकी मेहनत और शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
कलेक्टर श्री तिवारी ने छात्रा को आगे भी इसी लगन और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बातचीत के दौरान सुरभि से कुछ सामान्य प्रश्न भी पूछे, जिनका छात्रा ने आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया।
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान हुई यह छोटी-सी बातचीत सुरभि के लिए यादगार बन गई। कलेक्टर द्वारा उसकी पढ़ाई के प्रति लगन और आत्मविश्वास की सराहना किए जाने से परिजनों में भी खुशी का माहौल रहा।
599 अंक सुनकर कलेक्टर के चेहरे पर आई मुस्कान, सुरभि की पढ़ाई के प्रति लगन को सराहा

