राष्ट्रीय सेवा योजना की अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति छात्राओं को किया प्रेरित 

कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में 19 सितंबर को अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना की संरचना, उद्देश्यों, गतिविधियों एवं समाज सेवा के प्रति उनके दायित्वों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शोभाराम मेहरा ने छात्राओं को NSS की स्थापना, उद्देश्य, ध्येय वाक्य तथा विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
डॉ. मेहरा ने स्वयंसेविकाओं को स्वच्छता अभियान, जागरूकता कार्यक्रम, सामाजिक सेवा, सामुदायिक कार्य एवं विशेष शिविरों सहित NSS की विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्राओं से राष्ट्रीय सेवा योजना से सक्रिय रूप से जुड़कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि NSS विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा से जोड़ने के साथ ही उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास करता है। उन्होंने छात्राओं से NSS की गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने की अपील की।
कार्यक्रम का संयोजन NSS प्रभारी डॉ. शिल्पी सिंह ने किया। मंच संचालन डॉ. रीना मिश्रा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. प्रतिमा सिंह ने किया। कार्यशाला में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टॉफ सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यशाला के माध्यम से छात्राओं को NSS की कार्यप्रणाली और सामाजिक सरोकारों की जानकारी मिली तथा समाजहित में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरणा प्राप्त हुई।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)