कटनी। गणेश अनंत चतुर्दशी पर्व पर शुक्रवार से नगर के चिन्हित विसर्जन घाटों में बनाए गए कृत्रिम कुंडों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से जारी है। श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। नगर निगम प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर निगम अधिकारियों की टीम ने विभिन्न विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया, राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री सहित अन्य अधिकारियों ने घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा, प्रकाश, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं लगातार दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
बारिश के चलते सुरक्षा पर विशेष नजर
वर्षा की स्थिति को देखते हुए विसर्जन घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों ने नदी के जलस्तर और बहाव पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं कृत्रिम विसर्जन कुंडों की नियमित सफाई, पर्याप्त एवं स्वच्छ जल की व्यवस्था तथा घाटों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निगम की टीमें घाटों पर तैनात रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के साथ श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग प्रदान कर रही हैं।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने टीमें सक्रिय
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रमुख मार्गों और घाटों के आसपास यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए नगर निगम की हांका एवं अतिक्रमण शाखा की टीमें भी सक्रिय हैं। मार्गों पर अवरोध न हो और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम के समन्वित प्रयासों से नगर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से जारी है।
बारिश के बीच चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था में शांतिपूर्ण ढंग से जारी गणेश प्रतिमा विसर्जन विसर्जन घाटों पर अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश एवं यातायात व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

