नर्सिंग छात्रों की समस्याओं पर मंत्री ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

कटनी। परिवार कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग मंत्री राजेंद्र शुक्ला के कटनी आगमन पर नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं पदाधिकारियों ने मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान कटनी जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, एम.जी.एम. कॉलेज/स्कूल ऑफ नर्सिंग, श्री साईनाथ कॉलेज एवं विजडम नर्सिंग कॉलेज कटनी के पदाधिकारी डॉ. राज सिंह, देवेंद्र संजय तिवारी, दीपक माथुर, अरसद अली सहित नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान नर्सिंग कॉलेज प्रबंधक देवेंद्र संजय तिवारी ने छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम लंबे समय से जारी नहीं होने तथा समय पर परीक्षाएं नहीं होने जैसी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम में देरी के कारण विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल परीक्षा परिणाम घोषित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद कुछ छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम भी घोषित किए गए। इस पहल के लिए कॉलेज प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने मंत्री का आभार व्यक्त किया।
मंत्री ने नर्सिंग छात्र-छात्राओं से चर्चा करते हुए कहा कि अध्यापन कार्य में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि नर्सिंग शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण कराया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी अन्य समस्याएं भी मंत्री के समक्ष रखीं, जिनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)