वर्षी महोत्सव की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा 9-10 अक्टूबर को हरे माधव दरबार में होगा आयोजन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

कटनी, 1 अक्टूबर। हरे माधव दरबार में 9 एवं 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले वर्षी महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा आयोजन स्थल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सिंधी समाज के प्रतिनिधियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महोत्सव में कटनी सहित अन्य जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल सहित अन्य नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर एवं एसपी ने निर्माणाधीन पंडाल, प्रवेश एवं निकासी मार्ग तथा आयोजन स्थल की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित पार्किंग, सुगम आवागमन, पर्याप्त पुलिस बल और आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। आयोजन स्थल पर सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए महोत्सव से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
रेलवे स्टेशन से आयोजन स्थल तक रहेगी निगरानी
अन्य जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रेल मार्ग से आने की संभावना को देखते हुए रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। रेलवे एवं जीआरपी अधिकारियों से यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और आवश्यक समन्वय को लेकर चर्चा की गई। यातायात थाना की आरआई अंजू लकड़ा एवं एसआई शशिभूषण दुबे ने भी यातायात प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण किया।
माधवनगर थाना क्षेत्र में आयोजन होने के कारण थाना प्रभारी के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
पेयजल सहित सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
कलेक्टर आशीष तिवारी ने नगर निगम अधिकारियों को आयोजन स्थल पर पेयजल, टेंट, दुकानों तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल, नगर निगम के अधिकारी तथा जीआरपी एवं रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)