कटनी। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को लेकर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। नगर निगम परिसर स्थित एमआईसी हॉल में आयोजित शिविर में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने सफाई मित्रों को सुरक्षा किट वितरित की।
महापौर श्रीमती सूरी ने स्वयं सफाई मित्रों को सुरक्षा किट प्रदान करते हुए कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र सुबह से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था में जुट जाते हैं। उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी भी नगर निगम की प्राथमिकता है। सुरक्षा किट उनके प्रति सम्मान और चिंता का प्रतीक है।
शिविर में कचरा संग्रहण एवं नाली सफाई के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। हैंड ग्लव्स, मास्क, गमबूट और जैकेट के सही उपयोग का लाइव डेमो भी दिया गया। इसके अलावा संक्रामक कचरे से बचाव, प्राथमिक उपचार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में सफाई मित्रों को जागरूक किया गया।
महापौर ने स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी एमआईसी सदस्य सुभाष सिब्बू साहू के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे सुबह से शाम तक स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ खड़े रहकर शहर की सफाई व्यवस्था में योगदान दे रहे हैं। शिविर में सफाई मित्रों के उत्साहवर्धन के लिए उनका सम्मान भी किया गया।
इस अवसर पर निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, उमेंद्र अहिरवार, बीना बैनर्जी, पार्षद शशिकांत तिवारी, गोविंद चावला, शकुंतला सोनी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, समाजसेवी अज्जू सोनी, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, नोडल अधिकारी आदेश जैन सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से नगर निगम ने स्वच्छता के साथ सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान को भी प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
सफाई मित्रों को बांटी सुरक्षा किट, महापौर ने कहा- सुरक्षा हमारी पहली जिम्मेदारी

